कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम का मैदानी निरीक्षण

मुंगेली, 09 जुलाई 2026/sns/- जिले में विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुंगेली अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री अजय शतरंज ने क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्री शतरंज ने ग्राम सुरीघाट स्थित तालाब का निरीक्षण कर खेतों से आने वाले वर्षा जल की समुचित निकासी के लिए नाले के माध्यम से की जा रही व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा अतिरिक्त पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करते हुए तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों का संरक्षण किया जाए। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात ग्राम कंतेली में प्रस्तावित शासकीय महाविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया के अंतर्गत स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान भूमि की उपलब्धता, उपयुक्तता तथा आवश्यक राजस्व अभिलेखों का परीक्षण किया गया। एसडीएम श्री शतरंज ने संबंधित अधिकारियों को भूमि आबंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को निकट भविष्य में उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। एसडीएम ने ग्राम के कॉमन सर्विस सेंटर का भी निरीक्षण कर किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों को एग्रीस्टैक से मिलने वाले लाभों की जानकारी देकर अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author