सेवा सेतु केंद्र बना खुशियों का आधार दोनों बच्चों को समय पर मिला ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र

दुर्ग, 09 जुलाई 2026/sns/- शासन की जनहितकारी पहल सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं को सरल, सुगम और समयबद्ध बना रही है। अब लोगों को आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इसका लाभ दुर्ग जिले के ग्राम भोथली निवासी श्री नोवेंन्द्र कुमार निषाद के परिवार को भी मिला।
श्री नोवेंन्द्र कुमार निषाद ने वर्षों पहले अपना ऑफलाइन जाति प्रमाण पत्र बनवाया था, जिसके आधार पर उनके बच्चों ने प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। समय के साथ उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता हुई। उनकी बड़ी बेटी एकता निषाद ने रस्तोगी नर्सिंग होम से बी.एससी. नर्सिंग की शिक्षा प्राप्त की है, वहीं उनके पुत्र हरीश कुमार निषाद ने अंजोरा स्थित अपोलो कॉलेज से डी.फार्मा का अध्ययन पूरा किया है। अब दोनों अपने करियर की नई शुरुआत करने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके लिए ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य था।
श्री नोवेंन्द्र कुमार निषाद ने सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से दोनों बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें बिना किसी परेशानी के दोनों बच्चों के ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र समय पर प्राप्त हो गए। प्रमाण पत्र मिलते ही पूरे परिवार के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। अब दोनों बच्चे बिना किसी बाधा के नौकरी और अन्य शासकीय अवसरों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
श्री नोवेंन्द्र कुमार निषाद ने बताया कि पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से प्रक्रिया बेहद आसान, पारदर्शी और त्वरित रही। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों के जीवन को सरल बना रही है और लोगों का बहुमूल्य समय बचा रही है।
सेवा सेतु केंद्र आज केवल दस्तावेज उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि आम नागरिकों की उम्मीदों और विश्वास का केंद्र बन चुका है। शासन की यह पहल लोगों को घर के नजदीक ही समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराकर सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

About The Author