ऑयल पाम के साथ मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती बनी
बीजापुर, 10 जुलाई 2026/sns/- राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल- ऑयल पाम योजना के तहत बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम कचनूर निवासी किसान श्री पोटाम गणेश ने ऑयल पाम की खेती के साथ अंतरवर्तीय फसल के रूप में मूंगफली की खेती कर अतिरिक्त आय अर्जित कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
श्री पोटाम गणेश ने अपनी 2.20 हेक्टेयर भूमि में ऑयल पाम पौधों का रोपण किया। पौधों के प्रारंभिक वर्षों में खाली भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए उन्होंने मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती अपनाई। इससे उन्हें 1 लाख रुपये का उत्पादन मूल्य प्राप्त हुआ, जबकि खेती पर लगभग 30 हजार रुपये का व्यय आया। इस प्रकार उन्हें 70 हजार रुपये की शुद्ध आय हुई।
किसान ने बताया कि ऑयल पाम के पौधों के पूर्ण विकसित होने तक अंतरवर्तीय फसलों की खेती से नियमित आय प्राप्त होती है, जिससे खेती की लागत निकालने में सहायता मिलती है। उन्होंने अन्य किसानों से भी ऑयल पाम के साथ अंतरवर्तीय फसलों को अपनाने की अपील की।
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल- ऑयल पाम योजना के माध्यम से किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ तिलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।