सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से कार्तिक राम को आसानी से मिला जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र

मोहला, 10 जुलाई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के लिए संचालित सेवा सेतु केंद्र जनसेवा और सुशासन का सशक्त माध्यम बनकर लोगों को राहत पहुंचा रहा है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में जिले में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इसी क्रम में ग्राम कनेरी निवासी श्री कार्तिक राम कोरटीया ने अपनी दोनों बेटियों के जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र बनवाने हेतु सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन किया। सेवा सेतु केंद्र द्वारा आवेदन का सफलतापूर्वक ऑनलाइन पंजीयन कर संबंधित विभाग को अग्रेषित किया गया। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात हितग्राही को सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी कर दिए गए। समय पर प्रमाण-पत्र प्राप्त होने से श्री कार्तिक राम कोरटीया की लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर हो गई। साथ ही उनकी बेटियों के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग भी सुगम हो गया। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से उन्हें सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से शासकीय सेवाओं का लाभ मिला। श्री कार्तिक राम कोरटीया ने बताया कि उन्हें अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद थी, लेकिन इतनी शीघ्र कार्रवाई होने से वे बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है और इसके माध्यम से लोगों को त्वरित राहत मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यप्रणाली से आम नागरिकों को वास्तविक लाभ मिल रहा है। लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुशासन की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

  • 459 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई सेवा सेतु केंद्र की पहल के तहत अब आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन तथा भू-नकल सहित 459 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘सेवा सेतु’ पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा सेतु ने नागरिकों को ‘वन स्टॉप सॉल्यूशन’ उपलब्ध कराया है। अब लोग ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। यह पहल केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सकारात्मक परिवर्तन का भी संकेत है। इससे आम लोगों का शासन व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।

About The Author