वर्षों तक का इंतजार हुआ खत्म, चेहरे पर लौटी मुस्कान
मुंगेली, 13 जुलाई 2026/sns/- जिले के विकासखण्ड लोरमी के ग्राम सिंघनपुरी, निवासी श्री राम साहू के लगभग 13 वर्षों तक उन्होंने आधार कार्ड बनवाने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी। आधार नहीं होने के कारण वे शासकीय योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे थे। उन्होंने लगातार प्रयासों के बाद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तब उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। संबंधित अधिकारियों के समन्वय से श्री राम साहू को जिला पंचायत मुंगेली स्थित आधार पंजीयन केंद्र बुलाया गया, जहां उनकी आधार नामांकन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कराई गई।
आधार पंजीयन पूरा होने के पश्चात श्री राम साहू के चेहरे पर वर्षों बाद संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि 13 वर्षों से आधार बनवाने के लिए भटक रहे थे, लेकिन आज सीएम हेल्पलाइन एवं जिला प्रशासन की पहल से उनकी समस्या का स्थायी समाधान हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ई-जिला प्रबंधक श्रीमती सोनम शर्मा ने बताया कि श्री राम साहू का यह मामला केवल एक आधार कार्ड बनने की कहानी नहीं है, बल्कि सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था का प्रेरणादायक उदाहरण है। यह सफलता आम नागरिकों के विश्वास को मजबूत करती है कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।