जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश लेकर निकला जागरूकता रथ

मुंगेली, 13 जुलाई 2026/sns/- विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के तहत सोमवार को कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर से जनसंख्या स्थिरीकरण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करेगा। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण केवल जनसंख्या नियंत्रण का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, सशक्त परिवार और समग्र विकास का आधार है। उन्होंने नागरिकों से परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं प्रभावी साधनों को अपनाने, गर्भधारण के बीच उचित अंतराल बनाए रखने तथा छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा को बढ़ावा देने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि 11 से 18 जुलाई 2026 तक जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ष्माँ और बच्चे की भलाई और अनचाहे गर्भधारण को रोकने के लिए गर्भावस्था के बीच सही समय और अंतर निर्धारित की गई है। वहीं अभियान का संदेश जब लईका मन म होही सही अंतराल, परिवार बनही स्वस्थ अऊ खुशहाल जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे ने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो संदेश, प्रचार-प्रसार सामग्री एवं सूचना-शैक्षणिक सामग्री के जरिए लोगों को परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, जन्म अंतराल तथा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान के दौरान जिलेभर में परामर्श शिविर, परिवार नियोजन सेवाएं एवं विविध जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के जिला नोडल अधिकारी परिवार कल्याण डॉ. अमित लाल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, जिला आरएमएनसीएएच सलाहकार डॉ. अखिलेश कुमार बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author