‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान से बढ़ी प्रदेश की प्रतिष्ठा नीलू शर्मा
रायपुर, 14 जुलाई 2026/sns/-छत्तीसगढ़ पर्यटन ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए कोलकाता में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF)-2026 में “बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस” पुरस्कार प्राप्त किया। 10 से 12 जुलाई तक बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण, कोलकाता में आयोजित इस प्रतिष्ठित तीन दिवसीय पर्यटन मेले में 21 राज्यों की सहभागिता रही, जहां छत्तीसगढ़ पर्यटन के आकर्षक एवं अभिनव पवेलियन ने सभी आगंतुकों और पर्यटन विशेषज्ञों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
छत्तीसगढ़ के पवेलियन में बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट एवं तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर वैली राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव सहित धार्मिक, पुरातात्विक, इको-टूरिज्म एवं ग्रामीण पर्यटन स्थलों का आधुनिक तकनीक एवं आकर्षक प्रस्तुतीकरण किया गया। राज्य की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन सर्किटों की प्रभावी झलक ने पर्यटकों, टूर ऑपरेटरों एवं निवेशकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
मेले के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री एस. भारतीदासन तथा पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों तथा निवेशकों के साथ अनेक बी-टू-बी (B2B) बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त टूर पैकेज, मार्केटिंग साझेदारी, नए पर्यटन बाजारों में विस्तार तथा राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के लगभग 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटरों, होटल संचालकों, होमस्टे संचालकों एवं पर्यटन उद्यमियों ने भागीदारी की। इससे राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
मेले के उद्घाटन सत्र में गोवा के पर्यटन मंत्री श्री रोहन ए. खौंटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष तथा थाईलैंड की कॉन्सुल जनरल सुश्री सिरिपोर्न तंतिपन्याथेप ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया तथा राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, धार्मिक विरासत एवं पर्यटन संभावनाओं की सराहना की।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य की सुदृढ़ होती पर्यटन पहचान का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मिली व्यापक पहचान का प्रतीक है।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री एस. भारतीदासन ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास, स्थानीय रोजगार सृजन एवं सांस्कृतिक संरक्षण का प्रभावी माध्यम मानते हुए योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रही है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर छत्तीसगढ़ की सक्रिय सहभागिता से पर्यटन निवेश, पर्यटकों की संख्या तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने कहा कि पर्यटन बोर्ड राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। टीटीएफ-2026 में प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जो छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
टीटीएफ कोलकाता-2026 में प्राप्त “बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस” सम्मान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि, जनजातीय विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मिली सशक्त पहचान का प्रतीक है। यह उपलब्धि आने वाले समय में राज्य में पर्यटन निवेश को आकर्षित करने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा देश-विदेश के अधिकाधिक पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।