शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए 20 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 14 जुलाई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के प्रावधानों के तहत नगर निगम क्षेत्र रायगढ़ के मिट्टुमुड़ा वार्ड में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 411001087 के लिए नई शासकीय उचित मूल्य दुकान खोलने एवं दुकान एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। दुकान संचालन के लिए स्थानीय नगरीय निकाय, महिला स्व सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समितियां, अन्य सहकारी समितियां तथा वन सुरक्षा समितियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं अपने पंजीयन प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र 20 जुलाई तक कार्यालयीन समयावधि में खाद्य शाखा रायगढ़ में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।