शासकीय नवीन महाविद्यालय कोंटा में “लोकतंत्र के लिए युवा“ संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन

सुकमा,  03 नवम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय नवीन महाविद्यालय कोंटा में “लोकतंत्र के लिए युवा“ विषय पर एक दिवसीय युवा संवाद कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा माँ सरस्वती, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्रों पर दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य वर्तमान परिप्रेक्ष्य में लोकतंत्र के प्रति युवाओं की सोच, दृष्टिकोण एवं विचारों को मंच प्रदान करना तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं अतिथियों के अनुभवों व मार्गदर्शन से उन्हें लाभान्वित करना रहा।
संवाद के दौरान पायल नाग, रागिनी ढाले, शिवम बंसल, मड़कम रामा, पायम सारा, शेख सबीहा, सुजाता सोड़ी, विल्लपति सुमित्रा तथा प्राप्ति बंसल सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री पी. विजय ने युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से अवगत कराते हुए कहा कि मताधिकार का कभी दुरुपयोग नहीं होना चाहिए और हर युवा को जिम्मेदार नागरिक बनकर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान करना चाहिए। सांसद प्रतिनिधि श्री अनुराग पण्डा ने युवाओं को लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने तथा भारत के श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जनभागीदारी सदस्य श्री जेट्टी रामाराव ने भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ नींव रखने में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के अद्वितीय योगदान को रेखांकित किया।
    90 घंटे के “कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स“ कक्ष का भी विधिवत उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया। इस सफल आयोजन के दौरान संस्था के प्राचार्य श्री डी. सुरेश बाबू, जनभागीदारी सदस्य श्री पी. गणेश, आईक्यूएसी सदस्य श्री उपेन्द्र कुमार वारे, प्रभारी प्रो. दुष्यंत कुमार, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शशिकान्त धुवे, श्री मुकेश कुमार पटेल, श्री कुशलराम ठाकुर, सुश्री योगिता मरकाम, सुश्री शोभा क्षत्रिय, श्री कुलेश्वर साहु, नरेन्द्र कुमार, श्रीमती चांदनी मरकाम, श्री नारायणलाल तारक, श्री जे. सुधाकर राव, श्रीमती रोहिणी चौरे सहित महाविद्यालयीन स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

About The Author