कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की स्वास्थ्य शिक्षा, स्वच्छता, कृषि, आवास जैसे कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन तथा अन्य जनशिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समयावधि में सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी अधिकारियों से समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा का पालन करते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। नगरपालिका क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ) को नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निश्चय मित्र अभियान का व्यापक प्रचार- प्रसार करने, टीबी मुक्त जिला अभियान में और बेहतर कार्य करने तथा टीबी मरीजों को पोषण किट एवं नियमित स्वास्थ्य जांच की मैदानी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित जिला अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा। साथ ही एचपीवी टीकाकरण के लिए विस्तृत कैलेंडर तैयार कर नियमित रिपोर्टिंग करने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी करते हुए संभावित प्रसव तिथि से एक सप्ताह पूर्व अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जनपदवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधूरे आवासों को इसी माह पूर्ण कराने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने, डस्टबिन अथवा प्लास्टिक बोरी उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। नगरीय निकायों में संचालित निर्माण कार्यों, आंगनबाड़ी भवनों तथा अमृत मिशन के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कुपोषण की स्थिति, कुपोषण मुक्त हुए बच्चों की प्रगति तथा महतारी वंदन योजना के लंबित ई-केवाईसी की जानकारी ली गई। उन्होंने शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में सभी शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने, बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जिन विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र लंबित हैं, उनका शीघ्र निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने, किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने तथा धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए पर्याप्त भंडारण बनाए रखने तथा खाद के उठाव में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कराने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।