जनदर्शन कलेक्टर ने दिलाया 72 हजार रुपये का लंबित भुगतान
मुंगेली, 14 जुलाई 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विकासखंड पथरिया के ग्राम सेंदरी की शीतला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों से लंबित भुगतान दिलाने की मांग रखी। समूह की सदस्यों ने बताया कि वे लगातार गांव में साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रही थीं, लेकिन तीन वर्षों से उन्हें पारिश्रमिक का भुगतान नहीं मिला था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने तत्काल संज्ञान में लिया और मौके पर ही निराकरण कर समूह को 72 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। लंबित भुगतान मिलने पर समूह की सभी महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनदर्शन के माध्यम से उन्हें न्याय मिला और उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं के अंतर्गत कार्य करने वाले हितग्राहियों को समय पर भुगतान और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी हितग्राही का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित न रहे तथा सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य आवेदनों पर भी सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।