नवपदस्थ सीईओ ने संभाली कमान विभिन्न शाखाओं का किया सघन निरीक्षण

मुंगेली, 15 जुलाई 2026/sns/- जिला पंचायत के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल राम रावटे ने पदभार संभालते ही प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए जिला पंचायत कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने शाखाओं में पहुंचकर अधिकारी-कर्मचारियों से सीधे संवाद किया और कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ श्री रावटे ने पदभार ग्रहण करने के बाद स्थापना एवं प्रशासनिक शाखा, आवक-जावक शाखा, आवास शाखा, वीबी-जी राम जी शाखा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान, ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा, मुख्य सभाकक्ष तथा जिला पंचायत संसाधन केंद्र सहित प्रमुख शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फाइलों के रख-रखाव, कार्यों की पेंडेंसी और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। तकनीकी शाखाओं के प्रभारियों एवं अमले से चर्चा करते हुए कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सीईओ श्री रावटे ने कहा कि कार्यालयीन कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित रखते हुए लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जाए और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ आमजन के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने निर्देशित किया।

About The Author