सेवा सेतु केन्द्र से आम जनता के समय और धन की हो रही बचत
दुर्ग, 15 जुलाई 2026/sns/- जनता के द्वार डिजिटल सरकार की अवधारणा को साकार करते हुए सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से आम नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से प्राप्त कर रहे हैं। इससे न केवल लोगों के समय और धन की बचत हो रही है, बल्कि सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच भी पहले की अपेक्षा अधिक सहज हुई है। इसी कड़ी में आवेदक श्री पमेन्द्र साहू ने भूमि उपयोग (Land Use) प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए 04 जून 2026 को सेवा सेतु केन्द्र, तहसील कार्यालय दुर्ग में ऑनलाइन आवेदन किया। श्री पमेन्द्र साहू ने बताया कि पहले भूमि उपयोग (Land Use) प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्हें कई बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। आवेदन की स्थिति की जानकारी समय पर नहीं मिलती थी, दस्तावेजों के सत्यापन में विलंब होता था तथा विभिन्न शाखाओं में बार-बार जाना पड़ता था। इस पूरी प्रक्रिया में समय, श्रम और आर्थिक व्यय भी अधिक होता था। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु केन्द्र की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक हो गई है। आवेदन एक ही स्थान पर ऑनलाइन दर्ज हुआ, आवश्यक दस्तावेजों का समयबद्ध सत्यापन किया गया और निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के उन्हें 17 जून 2026 को भूमि उपयोग प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। श्री पमेन्द्र साहू ने कहा कि यह पहल आम लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी है। इससे शासकीय सेवाएं तेज, सरल और भरोसेमंद बनी हैं।