संपर्क केंद्र की तत्परता से महाराष्ट्र में बिछडे 15 वर्षीय बालक सकुशल परिवार से मिला

बलौदाबाजार-भाटापारा, 15 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित जिला संपर्क केंद्र की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी समन्वय से महाराष्ट्र में अपने परिवार से बिछड़ा 15 वर्षीय बालक सालिक राम ध्रुव सकुशल अपने माता-पिता से मिल गया। बालक के सुरक्षित घर लौटने पर परिवार की खुशियां लौट आईं और भावुक माता-पिता ने जिला प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गिन्दोला, तहसील लवन निवासी दुलेश ध्रुव अपने परिवार सहित वर्तमान में कामठी (महाराष्ट्र) में मजदूरी कार्य करते हैं। इसी दौरान उनका 15 वर्षीय पुत्र सालिकराम ध्रुव अचानक परिवार से बिछड़ गया। कामठी थाना क्षेत्र में अकेले घूमते हुए पाए जाने पर स्थानीय पुलिस ने बालक को संरक्षण में लिया और उससे पूछताछ कर उसके परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाई। जानकारी के आधार पर कामठी पुलिस ने 11 जुलाई 2026 को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में संचालित संपर्क केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 9201899925 पर संपर्क कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही संपर्क केंद्र की टीम ने तत्काल सक्रिय होकर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया तथा ग्राम गिन्दोला पहुंचकर बालक के परिजनों की प्रामाणिकता का सत्यापन कराया। इसके बाद सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं एवं काउंसलिंग पूरी कर बालक सालिकराम ध्रुव को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। कई दिनों बाद अपने बेटे को सकुशल सामने देखकर माता-पिता की आंखें खुशी से नम हो गईं। उन्होंने जिला प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली, संपर्क केंद्र की तत्परता तथा कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में किए गए मानवीय प्रयासों के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की सक्रियता के कारण उनका बिछड़ा हुआ बेटा सुरक्षित वापस मिल सका।

About The Author