हरियाली से संवरेगा जिला परिवहन कार्यालय परिसर 50 पौधों का किया गया पौधरोपण
मुंगेली, 16 जुलाई 2026/sns/- पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय परिसर में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परिवहन अधिकारी श्री आनंद शर्मा ने बताया कि कार्यालय परिसर में लगभग 50 फलदार एवं दीर्घायु पौधों का रोपण किया गया।
पौधरोपण अभियान के अंतर्गत आम, नीम, पीपल, करंज, बादाम, कदम, नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा और बेहतर संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे पर ट्री-गार्ड भी लगाए गए, जिन्हें नवीन वाहन विक्रेताओं द्वारा उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। पौधरोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, जिससे स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो सके। कार्यक्रम में कार्यालयीन कर्मचारी सुश्री दीप्ति मरावी, रविशंकर कश्यप, कुश कुमार देवांगन, त्रिलोक राव, दीनानाथ सोनी, संतोष ठाकुर सहित नवीन वाहन विक्रेताओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।