जीएईएचपी (GAEHP) के प्रति निधि मंडल का छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित विशेष FAM ट्रिप सफलता पूर्वक संपन्न
रायपुर, 18 जुलाई 2026 /sns/- छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा ग्लोबल एसोसिएशन ऑफ इवेंट्स एंड हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स (GAEHP) के प्रतिनिधिमंडल के लिए 14 से 17 जुलाई तक आयोजित विशेष फैमिलियराइजेशन (FAM) ट्रिप का आज रायपुर स्थित मैरा रिसोर्ट में समापन हुआ। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य उत्तर एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत तथा राज्य में विकसित हो रही पर्यटन अधोसंरचना से पर्यटन एवं MICE (Meetings, Incentives, Conferences and Exhibitions) क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। यह FAM Trip छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड एवं GAEHP की साझेदारी में आयोजित की गई। (GAEHP)
समापन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, आधुनिक सुविधाओं तथा सुरक्षित पर्यटन वातावरण के कारण देश के उभरते हुए पर्यटन राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस FAM ट्रिप के माध्यम से प्रतिभागी राज्य के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा देशभर से अधिकाधिक पर्यटकों एवं कॉर्पोरेट आयोजनों को छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित करेंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों के समक्ष राज्य में MICE पर्यटन की संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में रायपुर सहित राज्य के विभिन्न शहरों में उपलब्ध सम्मेलन सुविधाओं, होटल अवसंरचना, प्राकृतिक एवं विरासत स्थलों, कॉर्पोरेट आयोजनों की संभावनाओं तथा पर्यटन बोर्ड द्वारा विकसित की जा रही सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। उन्होंने कहा कि पर्यटन बोर्ड का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख MICE पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करना है। (Tourism India)
चार दिवसीय इस FAM ट्रिप के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ के अनेक प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया तथा राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन उत्पादों, आतिथ्य एवं पर्यटन संभावनाओं की सराहना करते हुए राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में प्रभावी रूप से प्रचारित करने का आश्वासन दिया।
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड का मानना है कि इस प्रकार के FAM ट्रिप राज्य के पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने के साथ-साथ पर्यटन, आतिथ्य एवं MICE क्षेत्र में निवेश, व्यवसायिक अवसरों और राष्ट्रीय स्तर पर साझेदारियों को भी सुदृढ़ करेंगे।