दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना बनी भूमिहीन परिवार का संबल
अम्बिकापुर, 20 जुलाई 2026/ sns/- राज्य शासन की हितग्राही मूलक योजनाएं भूमिहीन एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही हैं। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम उदयपुर के निवासी श्री चंद्रभान ने बताया कि उन्हें दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। यह राशि उनके परिवार के लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है
श्री चंद्रभान ने बताया कि उनके परिवार के पास खेती-बाड़ी के लिए अपनी कोई भूमि नहीं है। परिवार का जीवन-यापन मजदूरी पर निर्भर है और सीमित आय के कारण पहले घर का खर्च चलाना कठिन होता था। ऐसे समय में शासन द्वारा दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत मिलने वाली वार्षिक सहायता राशि ने उनके परिवार को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति करने में मदद मिलती है और कठिन परिस्थितियों में परिवार को सहारा मिलता है।
उन्होंने बताया कि शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी उनके परिवार को निरंतर प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ है, जिससे अब उनका परिवार सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में निवास कर रहा है। पहले कच्चे मकान में रहने के कारण बरसात एवं अन्य मौसमों में अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिली है।
उन्होंने ने बताया कि उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग परिवार की दैनिक आवश्यकताओं, बच्चों की जरूरतों एवं घरेलू खर्चों की पूर्ति में किया जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से मिलने वाली यह सहायता परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
श्री चंद्रभान ने बताया कि उनके तीन छोटे बच्चे हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहयोग के कारण बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में सुविधा हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गरीब, भूमिहीन एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित योजनाओं से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया हैं।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा, आवास एवं सामाजिक संबल प्राप्त हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य शासन का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं से गरीब परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है और उनका भविष्य अधिक सुरक्षित एवं बेहतर बन रहा है।