भूमिहीन परिवार को मिली पक्के आवास की सुरक्षा और योजनाओं का आर्थिक संबल
अम्बिकापुर, 23 जुलाई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन की हितग्राही मूलक योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पथरापारा निवासी श्री शंभू बारी का परिवार भी उन परिवारों में शामिल है, जिनके जीवन में शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक संबल का नया आधार मिला है।
श्री शंभू बारी ने बताया कि उनके संयुक्त परिवार में लगभग 12 से 14 सदस्य हैं। परिवार के तीन सदस्यों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के आवास की स्वीकृति मिली है, जिससे अब वे सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले उनके पास स्वयं की जमीन नहीं थी और आवास की स्थायी व्यवस्था भी नहीं थी। शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के माध्यम से उन्हें पक्का मकान मिला, जिससे वर्षों से सुरक्षित आशियाने का सपना पूरा हुआ।
उन्होंने बताया कि उनका परिवार दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का भी लाभ प्राप्त कर रहा है। इस योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है, जिसका उपयोग परिवार की आवश्यक जरूरतों, बीमारी के समय इलाज तथा अन्य आवश्यक कार्यों में किया जाता है। यह सहायता आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कठिन समय में महत्वपूर्ण सहारा साबित हो रही है।
श्री बारी ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। इस राशि से परिवार के दैनिक खर्च, खाद्यान्न, बच्चों की आवश्यकताओं तथा अन्य घरेलू जरूरतों की पूर्ति करने में मदद मिलती है। नियमित आर्थिक सहायता से परिवार की वित्तीय स्थिति पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हुई है।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के समन्वित लाभ से उनके परिवार का जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बना है। पक्का आवास मिलने से आवास की चिंता समाप्त हुई है, वहीं भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और महतारी वंदन योजना से नियमित आर्थिक सहयोग मिलने के कारण परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना पहले की अपेक्षा आसान हुआ है। श्री शंभू बारी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं से उनके जैसे जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल रहा है।