सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की रखी नींव : विधायक पुरन्दर मिश्रा

सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की रखी नींव : विधायक पुरन्दर मिश्रा

सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, एकता और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देता है : पुरन्दर मिश्रा

विद्यार्थी शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति को जीवन का आधार बनाएं : विधायक पुरन्दर मिश्रा

रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के देवेन्द्र नगर स्थित गुजराती स्कूल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके अद्वितीय राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल जी के प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के शिल्पकार और राष्ट्रीय एकता के अद्वितीय प्रतीक थे। देश उन्हें सदैव लौह पुरुष के रूप में स्मरण करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के समय भारत अनेक रियासतों में बंटा हुआ था। उस चुनौतीपूर्ण दौर में सरदार पटेल जी ने अपनी अद्भुत दूरदर्शिता, कूटनीति, साहस और दृढ़ संकल्प के बल पर 562 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका यह ऐतिहासिक योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।

श्री मिश्रा ने कहा कि सरदार पटेल जी का जीवन हमें सिखाता है कि मजबूत इच्छाशक्ति, अनुशासन, परिश्रम और संगठन की शक्ति से बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिवार की एकजुटता, आपसी प्रेम, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का महत्व समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया, उसी प्रकार हमें भी अपने परिवार, समाज और देश को एकजुट रखने का संकल्प लेना चाहिए।

इस दौरान विधायक श्री मिश्रा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनसे सरदार पटेल जी के जीवन ,स्वतंत्रता संग्राम एवं भारत के वर्तमान परिस्थिति और देश का नेतृत्व कर रहे प्रमुख लोगो से जुड़े प्रश्न पूछे और उनके ज्ञान एवं जिज्ञासा को प्रोत्साहित किया। जिससे विद्यार्थियों ने भी अच्छा उत्तर दिया साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आने वाला समय आपका है। आप ही देश का भविष्य और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ें तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और देश का नाम रोशन करें।

उन्होंने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और मजबूत चरित्र ही एक सशक्त युवा एवं विकसित राष्ट्र की पहचान हैं। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की प्रेरणा दी।

विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि सरदार पटेल जी का जीवन और उनके आदर्श आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणापुंज हैं। उनकी राष्ट्रनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और अदम्य साहस से प्रेरणा लेकर हम सभी को एक सशक्त, समरस, संगठित एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री श्री जयंती भाई पटेल जी, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author