सेवा सेतु बना आमजन का भरोसेमंद साथी
रायगढ़, 23 जुलाई 2026/sns/- शासन द्वारा नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और सहज शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई सेवा सेतु आमजन के लिए भरोसेमंद साथी बन गया है। रायगढ़ जिले के पुसौर तहसील अंतर्गत ग्राम गोर्रा निवासी योगेंद्र निराला इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जिन्हें सेवा सेतु के माध्यम से सप्ताहभर के भीतर विवाह प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया। गत दिवस उन्होंने निकटतम लोक सेवा केंद्र (सेवा सेतु) के माध्यम से विवाह प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। आवेदन की प्रक्रिया बेहद सरल रही और ऑनलाइन एकीकृत व्यवस्था के कारण उनका आवेदन शीघ्र संबंधित अधिकारियों तक पहुंच गया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें महज 7 से 10 दिनों के भीतर विवाह प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया।
योगेंद्र निराला का कहना है कि सेवा सेतु के माध्यम से अब सरकारी सेवाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और पारदर्शी हो गई हैं। इससे न केवल समय की बचत होती है, बल्कि अनावश्यक भागदौड़ और खर्च से भी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे कार्यों में महीनों लग जाते थे, लेकिन अब सप्ताह से डेढ़ सप्ताह के भीतर ही विवाह प्रमाणपत्र मिल गया। शासन की यह व्यवस्था आम नागरिकों के लिए बहुत उपयोगी है। इसके लिए मैं शासन-प्रशासन का हृदय से धन्यवाद करता हूं। सेवा सेतु के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ अब नागरिकों को समयबद्ध तरीके से मिल रहा है। ऑनलाइन और पारदर्शी व्यवस्था के कारण आवेदन प्रक्रिया सरल हुई है तथा सेवाओं की गुणवत्ता और गति में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अब छोटी-छोटी शासकीय सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।