प्लास्टिक अपशिष्ट को संसाधन में बदलेगा कबीरधाम
कवर्धा, 23 जुलाई 2026/sns/- कबीरधाम जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जिला पंचायत द्वारा पहल करते हुए जिले के चारों विकासखंड कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया एवं सहसपुर लोहारा में अत्याधुनिक प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट स्थापित की गई हैं। इन यूनिटों के माध्यम से प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण कर उसे पुनः उपयोगी संसाधनों में बदला जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने सभी ग्राम पंचायतों, स्वच्छाग्रहियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घर-घर से एकत्रित किए जा रहे सिंगल यूज प्लास्टिक सहित अन्य प्लास्टिक अपशिष्ट को खुले में न छोड़ते हुए तत्काल संबंधित जनपद पंचायत स्तर पर स्थापित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरा नहीं, बल्कि एक मूल्यवान संसाधन है। आवश्यकता केवल इसके उचित संग्रहण एवं वैज्ञानिक प्रसंस्करण की है। उन्होंने बताया कि इन यूनिटों में स्थापित आधुनिक मशीनों के माध्यम से प्लास्टिक का प्रसंस्करण कर उसे पुनः उपयोगी उत्पादों के निर्माण के लिए तैयार किया जाएगा। इससे एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तो दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक यूनिट में प्लास्टिक प्रसंस्करण के लिए आवश्यक आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं। इनमें बेलन मशीन प्लास्टिक को दबाकर गठ्ठा (बेल) बनाने का कार्य करेगी, थ्रेडर मशीन प्लास्टिक की सफाई एवं प्राथमिक प्रसंस्करण करेगी, जबकि फटका मशीन प्लास्टिक को छोटे-छोटे टुकड़ों में परिवर्तित कर रीसाइक्लिंग के लिए तैयार करेगी।
उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी है कि अपने क्षेत्र में उत्पन्न प्लास्टिक अपशिष्ट का खुले में निस्तारण न होने दें तथा उसे व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर निकटतम प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट तक पहुंचाएं। इससे प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव होगा। सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने स्वच्छाग्रहियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता से ही जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूती मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी ग्राम पंचायतों, स्वच्छाग्रहियों एवं जनसहयोग से स्वच्छ कबीरधाम, स्वस्थ कबीरधाम का लक्ष्य शीघ्र ही साकार होगा।