वनांचल क्षेत्रों में भी में नहीं थमेगी विकास की रफ्तार

सुकमा, 23 जूलाई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ सरकार के मंशानुरूप सुकमा जिले के दूरस्थ वनांचल और अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जनपद पंचायत छिंदगढ़ में एक महत्वपूर्ण मैराथन समीक्षा बैठक ली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सभी फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति को परखा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मैदानी अमले को पूरी पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ मिशन मोड में कार्य करने के कड़े निर्देश दिए।

प्रशासनिक दक्षता और बेहतर क्रियान्वयन के चलते सुकमा जिला देश व प्रदेश की सर्वांगीण विकास योजनाओं में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। बैठक के दौरान यह गौरवपूर्ण आंकड़ा सामने आया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन में सुकमा जिला पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में चौथे  और बस्तर संभाग में दूसरे  स्थान पर काबिज है। वित्तीय वर्ष 2016-26 के अंतर्गत जनपद पंचायत छिंदगढ़ में 16,354 के लक्ष्य के विरुद्ध 16,337 आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है, जो प्रशासन की शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता को उजागर करता है।

ग्रामीण कनेक्टिविटी और वनांचल की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार देने के लिए प्रशासन द्वारा धरसा विकास योजना के तहत महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में छिंदगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायतों के भीतर बुनियादी कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए बड़े स्तर पर धरसा कार्यों को चिन्हांकित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत तकनीकी सहायकों के माध्यम से कुल 41 ग्राम पंचायतों में 25 बड़े धरसा मार्गों के निर्माण हेतु कुल 352.80 लाख रुपये की अनुमानित लागत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिससे ग्रामीणों की राह आसान होगी। वीबी जी राम जी में ई केवाईसी कंप्लीट करने और पीएम आवास योजना में घरों को जल्दी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

दूरस्थ अंचलों में सुरक्षा और सुशासन के सामंजस्य के साथ बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाने के लिए “नियद नेल्लानार“ (आपका अच्छा गांव) पहल के तहत अंदरूनी क्षेत्रों में तेजी से कार्य चल रहा है। इसके साथ ही, ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान“ के अंतर्गत महिलाओं को स्वावलंबी बनाने हेतु जनपद में कुल 1,211 स्व-सहायता समूहों का गठन कर 13,113 परिवारों को सीधे जोड़ा जा चुका है, जिसमें 4,286 संभावित श्लखपति दीदीश् की आजीविका प्रोफाइलिंग को भी मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, वित्तीय समावेशन के तहत चालू वित्तीय वर्ष में बैंक लिंकेज के माध्यम से 182.97 लाख रुपये से अधिक की राशि समूहों को प्रदाय कर आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखी जा रही है।

स्वच्छता के मोर्चे पर भी जिला प्रशासन छिंदगढ़ को मॉडल बनाने में मुस्तैद है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ब्लॉक के 95 गांवों में से 70 गांवों को ओ.डी.एफ. प्लस मॉडल ग्राम के रूप में निर्मित व सत्यापित किया जा चुका है। इसके अलावा, व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालयों के तहत 2,198 की स्वीकृति के साथ तीव्र गति से निर्माण पूर्ण कराए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए सचिवों और रोजगार सहायकों को सभी लंबित अधोसंरचना निर्माण कार्यों, जैसे नवीन पंचायत भवन और 15वें वित्त आयोग के कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की सख्त हिदायत दी है।

About The Author