उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए राजस्व, पुलिसकर्मी एवं प्रतिभावान छात्रों का हुआ सम्मान
मुंगेली, 23 जुलाई 2026/sns/- शिक्षा, सुशासन और उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिला प्रशासन मुंगेली द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मिशन 90 प्लस अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने वाले मेधावी विद्यार्थियों सहित बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूल के प्राचार्यों के साथ राजस्व एवं पुलिस विभाग के उत्कृष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर संभाग के आयुक्त श्री सुनील जैन रहे। संभागायुक्त ने सम्मानित सभी विद्यार्थियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सम्मान केवल उपलब्धि का प्रतीक नहीं, बल्कि बेहतर कार्य करने की नई प्रेरणा और बढ़ी हुई जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से प्राप्त सफलता समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनती है। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभाओं से अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य की निरंतरता बनाए रखते हुए जिले के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देने कहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए मिशन 90 प्लस के तहत सुनियोजित रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और टीमवर्क के साथ कार्य किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कक्षा 10वीं के तीन तथा कक्षा 12वीं का एक विद्यार्थी राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाने में सफल रहा। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अध्ययन, अनुशासन और लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य रखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। साथ ही पालकों से विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने कहा। उन्होंने कहा कि मिशन 90 प्लस की सफलता केवल शिक्षा विभाग की उपलब्धि नहीं, बल्कि पंचायत, राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। सभी विभागों ने टीम भावना से कार्य करते हुए जिले को नई पहचान दिलाई है।
समारोह में शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नक्शा बटांकन, सुशासन तिहार तथा राजस्व कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं कोटवारों को भी सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण प्रशासन की मजबूती और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में राजस्व अमले की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी प्रकार पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन में संभागायुक्त को जिला प्रशासन की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।