धान रोपाई के बीच खेतों में पहुँचे संभागायुक्त और कलेक्टर
मुंगेली, 23 जुलाई 2026/sns/- संवेदनशील एवं जनकेंद्रित प्रशासन की मिसाल पेश करते हुए संभागायुक्त श्री सुनील जैन एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने गीधा बायपास रोड में धान की रोपाई कर रहे किसानों के बीच खेतों में पहुंचकर खेती-किसानी की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने खेतों में उतरकर किसानों से आत्मीय संवाद किया और कृषि कार्यों से जुड़ी समस्याओं, उपलब्ध संसाधनों तथा खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने किसानों से खाद, उर्वरक, बीज, सिंचाई व्यवस्था तथा धान रोपाई की प्रगति के संबंध में चर्चा की। किसानों ने बताया कि समय पर खाद एवं अन्य आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध होने से इस वर्ष धान रोपाई का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और अच्छी फसल की उम्मीद है।
प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच खेतों में देखकर किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का सीधे खेतों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और खेती-किसानी की वास्तविक स्थिति जानना उनके प्रति शासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग, जल संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ लेकर उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज सहित सभी आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराए जाएं तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।