महतारी वंदन योजना आर्थिक बचत का बन रही संबल

मुंगेली, 27 जुलाई 2026/sns/- राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ परिवार के भविष्य को संवारने का भी माध्यम बन रही है। महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करना है, ताकि वे परिवार के विकास, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए स्वयं निर्णय लेकर योजनाबद्ध तरीके से राशि का उपयोग कर सकें। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखंड के ग्राम धरमपुरा की निवासी श्रीमती पदमिनी भास्कर ने योजना के तहत मिलने वाली राशि को अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए निवेश कर रही हैं। वह महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि से अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रख रही है।
श्रीमती पदमिनी भास्कर ने कहा कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में बेटी की उच्च शिक्षा, आत्मनिर्भरता और जीवन की महत्वपूर्ण जरूरतों के लिए मजबूत आर्थिक आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि पहले नियमित बचत करना आसान नहीं था, लेकिन महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उन्हें बेटी के भविष्य के लिए योजनाबद्ध निवेश करने का अवसर दिया है। अब हर माह मिलने वाली सहायता सीधे बेटी के सुरक्षित भविष्य की पूंजी बन रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि माताओं को अपने बच्चों के सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास देने वाली योजना है। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

About The Author