कलेक्टर जनदर्शन में शिकायतों व मांगो के त्वरित निराकरण हेतु कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
दुर्ग, 29 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आम नागरिकों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों का समयबद्ध व त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। निर्देशानुसार सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक बुधवार पूर्वाह्न 10:45 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इस हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ज़िम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें पुलिस विभाग द्वारा नामित अधिकारी, नगर निगम भिलाई के अपर आयुक्त श्री राजेन्द्र दोहरे, नगर निगम दुर्ग के सहायक अभियंता श्री संजय ठाकुर, खाद्य विभाग की सहायक खाद्य अधिकारी श्रीमती शशि सिंह, श्रम विभाग की श्रम निरीक्षक श्रीमती सोनम पटेल, भू-अभिलेख के सहायक अधीक्षक श्री आलोक शुक्ला, नगर निगम रिसाली के सहायक राजस्व निरीक्षक श्री योगेश सुरे, जिला पंचायत के आवास समन्वयक श्री वेद देवांगन तथा समाज कल्याण विभाग के प्रमुख कलाकार श्री जंतराम ठाकुर को विशेष रूप से जनदर्शन हेतु नामांकित व निर्देशित किया गया है।
ज्ञात हो कि जिला कार्यालय, दुर्ग के सभाकक्ष में प्रत्येक बुधवार को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक ‘कलेक्टर जनदर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जहाँ जिले के नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। प्राप्त आवेदनों की वस्तुस्थिति की सही जानकारी और त्वरित समाधान के उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जनदर्शन में उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया है।