कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने खरौद एवं राहौद क्षेत्र में एग्रीस्टैक विशेष

जांजगीर-चांपा, 29 जुलाई 2026/sns/- जिले में संचालित एग्रीस्टैक कृषक पंजीयन एवं बकेट क्लेम विशेष शिविरों का कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज खरौद एवं राहौद क्षेत्र में निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में पहुंचकर पंजीयन की प्रगति, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा लंबित बकेट क्लेम प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र किसानों का निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए एग्रीस्टैक फार्मर आईडी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पंजीयन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाते हुए प्रत्येक किसान तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए। गांवों में मुनादी, कोटवारों एवं मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को शिविरों में उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन किसानों के आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं हैं, उनके प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी किसान पंजीयन से वंचित न रहे। इस दौरान कलेक्टर ने सहकारी समिति में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, उर्वरकों की उपलब्धता एवं भंडारण व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने खाद वितरण, किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा नैनो यूरिया के उपयोग के संबंध में किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राहौद का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष, उपचार व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए इसे सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम पामगढ़ श्री आर के तम्बोली, अधीक्षक भू-अभिलेख सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author