मलेरिया पर जीरो टॉलरेंस समय पर जांच उपचार और जन जागरूकता से होगा मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण कलेक्टर
मुंगेली, 30 जुलाई 2026/sns/- जिले में मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित स्वान कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में मलेरिया के मामलों पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि जिले में एक भी मलेरिया का मामला नहीं आना चाहिए। यदि लापरवाही के कारण संक्रमण फैलता है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने बैठक में मलेरिया रोकथाम के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील गांवों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने, आशा, मितानिन एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर सर्वे कराने, प्रत्येक बुखार पीड़ित की तत्काल जांच एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार करने तथा कमांड एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से ब्लॉकवार गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम की तैयारियों के संबंध में संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा प्रभावी रणनीति सुनिश्चित नहीं करने पर आईडीएसपी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीरता से ली जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को भी अपने-अपने क्षेत्रों में मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी, अंतर्विभागीय समन्वय और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।