अब एक पोर्टल पर ही उपलब्ध होंगे विभागीय उपलब्धि व महत्वपूर्ण आंकडे

बलौदाबाजार, 3 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना जिला मास्टर प्लान अंतर्गत जागरूकता पोर्टल उपयोग सुनिश्चित करने एवं क्षमता निर्माण हेतु एक दिवसीय जागरूकता प्रशिक्षण का आयोजन सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया।कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में सभी विभाग प्रमुख सम्मिलित हुए। पीएम गति शक्ति योजना अंतर्गत राज्य शासन द्वारा विकसित पोर्टल के माध्यम से लॉग -इन कर सभी विभागों में संचालित योजनाओं की उपलब्धि एवं अन्य महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त किये जा सकेंगे।

कलेक्टर श्री शर्मा ने इस पोर्टल के सम्बन्ध में विशेष रूप से राजस्व, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वस्थ्य, महिला एवं बाल विकास,लोक निर्माण, स्कूल शिक्षा एवं खाद्य विभाग के अधिकारियो को जिला स्तरीय जानकारी अद्यतन करने के निर्देश दिये । उन्होंने इस पोर्टल का उपयोग कर सभी विभागों को बेहतर समन्वय करने कहा । उन्होंने प्रशिक्षण टीम से जिले में केस स्टडी के रूप में बलौदाबाजार बायपास सड़क निर्माण के लिये अधिग्रहित किये जाने वाले भूमि की जानकारी व नक्शा उपब्लध कराने कहा।

वाणिज्य एवं उद्योग विभाग से उपसंबालक, उद्योग संचालनालय सुश्री मौसमी राहा ने पीपीटी प्रेजेटेशन के माध्यम से योजना की जानकारी एवं पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया क़ि प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना का उद्देश्य देश में विभिन्न अवसंरचना परियोजनाओ की योजना, समन्वय एवं क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाना है। इस योजना के अंतर्गत स्टेट मास्टर प्लान एवं जिला मास्टर प्लान एवं विकसित किया गया है,जिसमें विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के डेटा को एकीकृत कर ज़ी आई एस आधारित पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है।प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट मास्टर प्लान का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर विकास कार्यों को समेकित, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है। जिले स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यकताओं के आधार पर प्राथमिकता निर्धारण करते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन करना है।

प्रशिक्षण में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार गुनेश्वरी साहु सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author