पुनर्वास नीति के तहत नक्सली हिंसा के 13 पीड़ितों को 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
बीजापुर ,03 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने नक्सली हिंसा से प्रभावित नागरिकों को पुनर्वास नीति के तहत राहत प्रदान करते हुए 13 पीड़ितों के लिए कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। यह सहायता नक्सली हिंसा के कारण गंभीर रूप से घायल अथवा स्थायी रूप से दिव्यांग हुए व्यक्तियों के पुनर्वास एवं आर्थिक संबल के उद्देश्य से प्रदान की जा रही है।
स्वीकृत सहायता राशि के अंतर्गत पुलिस एवं नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के दौरान क्रॉस फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए नंदू ओयाम और जिला कुंजाम, माओवादियों द्वारा मारपीट में गंभीर रूप से घायल ईस्ता बोर्रा, बारूदी सुरंग विस्फोट में घायल मितराम रावटे, आईईडी विस्फोट में घायल कोरसे संतोष, चिडे़म कन्हैया एवं कविता कुड़ियम, माओवादियों की मारपीट से स्थायी रूप से दिव्यांग हुए इच्चामी सुदरू, तथा आईईडी विस्फोट के कारण स्थायी रूप से दिव्यांग अथवा गंभीर रूप से घायल हुए राममूर्ति कारम, बबलू उर्फ मोहन कड़ती, गंगा कलमू, राजेश कुमार यादव एवं सोढ़ी मुकेश शामिल हैं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से शीघ्र संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सके।