जिला स्तरीय समिति की बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के निर्देश

बलौदाबाजार, 4 अगस्त 2026/sns/- जिले को टीबी (क्षय रोग) मुक्त बनाने के उद्देश्य से गठित जिला स्तरीय टीबी मुक्त भारत समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम न मानकर जनभागीदारी से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य के रूप में इसे संचालित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने टीबी मुक्त पंचायत की दिशा में प्रत्येक पंचायत में टीबी जांच एवं मरीजों की पंचायतवार स्थिति का नियमित परीक्षण एवं समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने जिले के प्रत्येक टीबी मरीज के लिए निक्षय मित्र उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए सभी शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी संस्थानों, उद्योगों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से संपर्क कर अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से टीबी मरीजों को पोषण एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराकर टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में टीबी की शीघ्र पहचान, निःशुल्क जांच एवं उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, बुखार, वजन कम होना अथवा रात में पसीना आने जैसे लक्षण हों तो निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क जांच अवश्य कराएं। समय पर जांच एवं उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

About The Author