जल जीवन मिशन में लापरवाही पर करें कार्रवाई-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा

कवर्धा, 4 अगस्त 2026/sns/-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कलेक्ट्रेट में समय सीमा की बैठक में जल जीवन मिशन के कामों की समीक्षा के दौरान लापरवाही करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश ईई पीएचई को दिये। उन्होंने कहा कि यह जनसुविधा से जुड़ा विषय है, बार-बार समझाईश देने के बाद भी जहां काम में अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है, वहाँ नियमानुसार कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने मीटिंग के दौरान कहा कि बरसात के मौसम में जलजनित और मौसमी बीमारियों के बड़े पैमाने पर फैलने का खतरा बना रहता है। इसके लिए एहतियाती कदम उठाते हुए जनजागरूकता फैलायी जाये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कहा कि ग्रामीण इलाकों से मलेरिया के मामले सामने आये हैं। ऐसे सभी स्थानों को विशेष रूप से चिन्हित करते हुए वहां लगातार लोगों के सेहत की मॉनिटरिंग की जाये। जल जमाव की स्थिति न बने इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वहीं उन्होंने नगरीय निकायों में भी नियमित साफ सफाई और फॉगिंग करवाने के निर्देश दिए और स्वास्थ्य अमले को अलर्ट पर रहने के लिए कहा।
स्कूली बच्चों के जाति, निवास प्रमाण पत्र निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को राजस्व विभाग से समन्वय कर शेष बचे बच्चों के प्रमाण पत्र जल्द बनवा कर वितरित करने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने पीएम आवास, जनमन और निर्माण एजेंसीज द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आश्रम छात्रावास में बच्चों की करवायें नियमित स्वास्थ्य जांच

आवासीय संस्थाओं में रहने वाले बच्चों की स्वास्थ्य के संबंध में कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि बारिश के मौसम में आश्रम छात्रावासों और आवासीय संस्थाओं में निवासरत बच्चों की सेहत का विशेष ख्याल रखा जाए। उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच करवाई जाए और खान पान खास ध्यान रखा जाए। उन्होंने सहायक आयुक्त और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इसके लिए जरूरी कदम उठाने के लिए निर्देशित किया।

10 अगस्त से बच्चों को खिलाई जाएगी कृमि नाशक दवा

कलेक्टर ने कहा कि आगामी 10 अगस्त से बच्चों को कृमि मुक्ति नाशक दवा खिलाया जाएगा। उन्होंने यह कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही स्कूल, महिल बाल विकास, उच्च शिक्षा, पंचायत विभाग को इस कार्य में आवश्यक सहयोग के लिये निर्देशित किया। गौरतलब है कि जिले में करीब 4 लाख बच्चों को यह दवा खिलाई जाएगी। वहीं बच्चों को विटामिन और आयरन फॉलिक एसिड की दवा खिलाने के कार्यक्रम को भी विभागीय गाइडलाइंस के अनुसार संपन्न करवाने के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के लिए दिये गए निर्देश

कलेक्टर श्री वर्मा ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के गरिमापूर्ण आयोजन के लिए मुख्य समारोह स्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां, बैठक और पेयजल, सुरक्षा, बेरीकेडिंग, साज सज्जा, टेंट माइक, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य जरूरी तैयारियों के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप समारोह के आयोजन की तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

About The Author