भोरमदेव पदयात्रा में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश बना आकर्षण का केंद्र
कवर्धा, 4 अगस्त 2026/sns/-भोरमदेव पदयात्रा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का भी अनूठा संगम देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पदयात्रा स्थल पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तैयार किए गए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सेल्फी जोन का अवलोकन किया और बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान का संदेश देते हुए अभियान को प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं, युवाओं और बच्चों से बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने प्रेरित किया।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के उद्देश्य से तैयार किए गए इस सेल्फी जोन को भोरमदेव मंदिर की आकर्षक कलाकृति, बांस, सुपा-टोकरी तथा अन्य पारंपरिक प्राकृतिक सामग्रियों से सजाया गया था। इसकी आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, महिलाओं तथा बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने सेल्फी जोन में फोटो खिंचवाकर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। भोरमदेव पदयात्रा के दौरान यह पहल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकार को जोड़ने वाली इस पहल ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।