लूफा व्यपवर्तन योजना नहर निर्माण के लिए भू-अर्जन हेतु समाघात दल ने की अनुशंसा

बिलासपुर, 5 अगस्त 2026/sns/- जिले के बेलगहना तहसील के ग्राम लूफा में नहर निर्माण के लिए भूमि का अर्जन किया जाना है। सामाजिक समाघात दल ने ग्राम लूफा में भू-अर्जन से पड़ने वाले प्रभाव का आंकलन किया।
मूल्यांकन में पाया गया कि लूफा गांव में भू-अर्जन से 16.86 एकड़ भूमि प्रभावित हो रही है जिसका समाघात दल ने किसानों से भी सहमति लिया और पाया कि अर्जित भूमि से कोई मकान आदि प्रभावित नहीं हो रहा है और न ही किसी भी परिवार के विस्थापन की संभावना है। सामाजिक समाघात दल द्वारा यह पाया गया है कि अधोसंरचना पर कोई बाधा नहीं है तथा अधोसंरचना का कार्य प्रभावित नहीं हुआ है। समाघात दल इस बात से संतुष्ट है कि जल संसाधन विभाग को जितनी भूमि की आवश्यकता है उतनी ही भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। समाघात दल ने ग्राम लूफा तहसील बेलगहना के अंतर्गत जल संसाधन संभाग पेण्ड्रा रोड के नहर निर्माण हेतु ग्राम लूफा में रकबा 16.86 एकड़ भूमि का अर्जन लोकहित में किए जाने की अनुशंसा की है। ग्राम लूफा में लूफा व्यपर्वतन योजना अंतर्गत नहर निर्माण होने से कुल 200 हेक्टेयर खरीफ एवं 90 हेक्टेयर रबी कृषि क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।

About The Author