सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर दें विशेष ध्यान मुख्यमंत्री श्री साय

मुंगेली, 06 अगस्त 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज पारस पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों की वर्चुअल बैठक ली। बैठक में नागरिकों की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण, एग्रीस्टैक पंजीयन, सेवा सेतु पोर्टल, ग्रामीण अधोसंरचना विकास तथा स्कूलों एवं छात्रावासों में किचन गार्डन विकसित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई। मुंगेली जिला कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन और आम नागरिकों के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें दर्ज शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता में सतत सुधार लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में एग्रीस्टैक के अंतर्गत किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वीबीजी रामजी के अंतर्गत ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कार्यों की स्वीकृति एवं प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में पोषण वाटिका एवं किचन गार्डन विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के पश्चात कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को राजस्व सीमांकन के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सभी निर्धारित सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने तथा एग्रीस्टैक के तहत किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण अधोसंरचना विकास के लिए वीबीजी रामजी अंतर्गत स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने को कहा। कलेक्टर ने सभी शासकीय स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में पोषण वाटिका एवं किचन गार्डन विकसित करने की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं पंचायत भवनों को नल-जल योजना से जोड़ने तथा इस कार्य के लिए वित्त आयोग की राशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author