18 अगस्त से जिले में मनाया जाएगा शिशु संरक्षण माह
मोहला, 7 अगस्त 2026/sns/- जिले में 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक शिशु संरक्षण माह (एसएसएम) का आयोजन किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंतर-विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार संचालित होगा। अभियान के तहत जिले के 9 माह से 59 माह तक के सभी पात्र बच्चों को विटामिन-ए सिरप की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप की बोतलों का वितरण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में विटामिन-ए की कमी एवं एनीमिया की रोकथाम कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है। शिशु संरक्षण माह के दौरान आयोजित होने वाले ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (टीकाकरण दिवस) को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इस दौरान विटामिन-ए अनुपूरण, आईएफए सिरप वितरण, बच्चों की एनीमिया जांच (स्क्रीनिंग) तथा माताओं को स्तनपान संबंधी परामर्श एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा तथा अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य करने की अपील की है। साथ ही जिले के सभी अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को निर्धारित तिथि पर निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र अथवा टीकाकरण स्थल पर अवश्य लेकर आएं, ताकि वे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें।