जिले की समस्त 439 ग्राम पंचायतों में ’’चावल महोत्सव’’ के साथ ’रोजगार दिवस’ एवं ’’आवास दिवस’’ का आयोजन
अम्बिकापुर, 07 अगस्त 2026/sns/- राज्य शासन के निर्देशानुसार आज 07 अगस्त 2026 को सरगुजा जिले की समस्त 439 ग्राम पंचायतों में ’’चावल महोत्सव’’ के साथ ’’रोजगार दिवस’’ एवं ’’आवास दिवस’’ का व्यापक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत जी-राम-जी योजना तथा अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं समस्याओं का ग्राम पंचायत स्तर पर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को विकसित भारत जी-राम-जी (VB-G RAM G) योजना के उद्देश्यों, प्रगति एवं ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के लिए कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। हितग्राहियों को नियमानुसार समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने, राशि हस्तांतरण की जानकारी उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने एवं आवास निर्माण की प्रगति में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में स्व-सहायता समूहों की दीदियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण सामग्री की आपूर्ति, निर्माण से जुड़े कार्यों तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक आवास में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनभागीदारी सुनिश्चित करने एवं जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
रोजगार दिवस के दौरान विकसित भारत जी-राम-जी योजना के अंतर्गत संचालित सभी प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने तथा मांग आधारित नए कार्यों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रारंभ करने पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी गई कि योजना अंतर्गत लंबित मजदूरी राशि का भुगतान हितग्राहियों के बैंक खातों में किया जा रहा है तथा भुगतान प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जा रहा है।
ग्राम सभाओं से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर सैचुरेशन बेसिस पर प्राथमिकता वाले कार्यों-बालिका शौचालय, मुक्तिधाम तथा डिफंक्ट बोरवेल के पुनर्जीवन-को स्वीकृत कर दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने इन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के लिए ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
’’मेरी बेटी, मेरा अभिमान अभियान’’ के अंतर्गत मांग आधारित सभी शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में निर्मित आजीविका डबरी एवं नवा तरिया का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए हितग्राहियों एवं क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) की महिलाओं के साथ मत्स्य पालन आधारित आजीविका संवर्धन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही ’’धार अपार अभियान’’ के अंतर्गत नदियों एवं जल स्रोतों का चिन्हांकन कर उनके पुनर्जीवन के लिए ग्राम स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में विकसित भारत जी-राम-जी योजना अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों की नियमित निगरानी, समय पर क्रियान्वयन तथा जनसहभागिता के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित इस विशेष अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने, समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा रोजगार, आवास, जल संरक्षण एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।