संतषपुर श्रमिक पंजीयन शिविर में योजनाओं की दी जानकारी
बीजापुर, 07 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशन में पूर्व माध्यमिक शाला संतोषपुर में श्रमिक पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री विश्वदीप ने उपस्थित ग्रामीणों एवं श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने बताया कि श्रम विभाग की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को कक्षा पहली से बारहवीं तक अध्ययन हेतु छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। वहीं नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत 18 से 21 वर्ष की पात्र बालिकाओं को 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इसके अलावा पंजीकृत श्रमिक की मृत्यु होने पर उनके नामांकित उत्तराधिकारी को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित करते हुए बताया कि ई-रिक्शा क्रय करने पर श्रम विभाग की ओर से एक लाख रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा 50 हजार रुपये का अतिरिक्त सहयोग भी प्रदान किया जाएगा, जिससे पात्र हितग्राही आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र श्रमिक और उनके परिवार तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचे तथा वे समय पर लाभान्वित हो सकें। इस हेतु ग्राम पंचायतों में महत्वपूर्ण योजनाओं का फ्लैक्शी लगाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पाण्डेय, श्रम विभाग से श्री सोपान कर्णेवार, एपीसी श्री जाकिर खान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।