14 अगस्त को जगदलपुर में होगा स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन
जगदलपुर 10 अगस्त 2026/sns/ – स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में शुक्रवार 14 अगस्त को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। नागरिकों में देशभक्ति की भावना का संचार करने तथा खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली इस दौड़ में समाज के सभी वर्गों की व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी। इस गरिमामय दौड़ में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राएं, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर व होमगार्ड के जवान तथा खेल संघों के खिलाड़ी और पदाधिकारी एक साथ शामिल होंगे।
सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री सुशांत पॉल से मिली जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ 14 अगस्त की सुबह 7ः30 बजे माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर से होगा। इसके बाद यह दौड़ संजय मार्केट, हनुमान मंदिर, हाता ग्राउंड, चांदनी चैक, सर्किट हाउस रोड और महावीर ज्वेलर्स के सामने से होते हुए मेन रोड के रास्ते गोल बाजार चैक पहुंचेगी, जहाँ से आगे बढ़ते हुए माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में ही इसका समापन होगा। जिला प्रशासन और खेल विभाग ने इस आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए शहर के सभी नागरिकों, युवाओं तथा खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।