बस्तर तिरंगा यात्रा के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को होगा “आयुष्मान महा अभियान”
सुकमा, 11 अगस्त 2026/sns/- बस्तर तिरंगा यात्रा के उपलक्ष्य में कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में 13 अगस्त 2026 को सुकमा जिले में “आयुष्मान महा अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिला प्रशासन के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले के ग्राम-ग्राम एवं घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य करेंगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक परिवारों को आयुष्मान कार्ड से जोड़ना तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।
आयुष्मान कार्ड के प्रमुख लाभ
आयुष्मान कार्ड हितग्राहियों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिलती है।
आयुष्मान कार्ड के माध्यम से
’ प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रू तक के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त की जा सकती है।
’ सूचीबद्ध शासकीय एवं निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है।
’ विभिन्न गंभीर बीमारियों एवं निर्धारित उपचार पैकेजों का लाभ योजना के अंतर्गत लिया जा सकता है।
’ पात्र हितग्राहियों को निर्धारित चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलता है।
’ 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध है।
राशन कार्ड में नाम है तो बनवाएं आयुष्मान कार्ड
जिन हितग्राहियों का नाम राशन कार्ड में दर्ज है, वे आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पात्र हैं। अतः राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। हितग्राहियों से अपील है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जब उनके गांव में पहुंचे, तो वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपना एवं परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनवाएं।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज
’ आधार कार्ड
’ राशन कार्ड
’ आधार से लिंक मोबाइल नंबर
’ परिवार के सदस्यों के आवश्यक पहचान दस्तावेज
आयुष्मान कार्ड से संबंधित प्रश्न
प्रश्न 1ः आयुष्मान कार्ड कौन बनवा सकता है?
उत्तर: जिन हितग्राहियों का नाम राशन कार्ड में दर्ज है, वे आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पात्र हैं। परिवार के सभी सदस्यों का कार्ड अवश्य बनवाएं।
प्रश्न 2: कार्ड बनवाने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?
उत्तर: आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखें।
प्रश्न 3: क्या कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क देना होगा?
उत्तर: नहीं। आयुष्मान महा अभियान के दौरान कार्ड बनाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना है।
प्रश्न 4: क्या परिवार के सभी सदस्यों का कार्ड बनवाना चाहिए?
उत्तर: हां। राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनवाएं।
प्रश्न 5: 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए क्या सुविधा है?
उत्तर: 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड की सुविधा उपलब्ध है। परिवार के सभी 70$ बुजुर्गों का कार्ड भी अवश्य बनवाएं।
प्रश्न 6: यदि आयुष्मान कार्ड पहले से बना हुआ है तो क्या करें?
उत्तर: यदि कार्ड पहले से बना हुआ है, तो उसे दोबारा बनवाने की आवश्यकता नहीं है। अपना कार्ड सुरक्षित रखें और आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग करें।
जिलेवासियों से विशेष अपील
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सुकमा जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि 13 अगस्त 2026 को आयोजित आयुष्मान महा अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।
अपने गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने पर
आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखें।
अपना एवं परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनवाएं।
70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड अवश्य बनवाएं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें।
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए किसी को भी शुल्क न दें।
आइए, मिलकर बनाएं आयुष्मान सुकमा
“राशन कार्ड में नाम है तो आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं।”
आज का आयुष्मान कार्ड, कल की स्वास्थ्य सुरक्षा।
13 अगस्त को अपने गांव में पहुंचने वाली आयुष्मान टीम से संपर्क करें और अपना तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं।