रोजगार गारंटी योजना से रीवागहन में बना नया आंगनबाड़ी भवन

दुर्ग, 11 अगस्त 2026/ sns/- जनपद पंचायत पाटन के ग्राम पंचायत अरमारीखुर्द के आश्रित ग्राम रीवागहन में रोजगार गारंटी योजना के तहत नया आंगनबाड़ी भवन बनाया गया है। जर्जर भवन के कारण सामुदायिक भवन में संचालित केंद्र को अब स्थायी एवं सुरक्षित भवन मिल गया है। नए भवन से 35 बच्चों को लाभ मिल रहा है।
वर्ष 2025-26 में भवन निर्माण के लिए 11.69 लाख रुपए स्वीकृत किए गए, जिसमें रोजगार गारंटी योजना से 8 लाख तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से 3.69 लाख रुपए का अभिसरण किया गया। निर्माण कार्य 1 फरवरी से 5 जून 2026 तक पूरा हुआ और इस दौरान 362 मानव दिवस रोजगार का सृजन हुआ। 114.26 वर्गमीटर में निर्मित भवन में किचन, शौचालय, ओपन हॉल एवं बाल-केंद्रित चित्रकारी जैसी सुविधाएं हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि योजना के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी एवं जनोपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है।

जर्जर भवन के कारण सामुदायिक भवन में चल रहा था केंद्र

रीवागहन का आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 लंबे समय से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़ी गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। पुराना भवन जर्जर होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्र को लगभग एक वर्ष तक सामुदायिक भवन में संचालित करना पड़ा। यह व्यवस्था अस्थायी थी और बच्चों के लिए स्थायी एवं सुविधायुक्त भवन की आवश्यकता बनी हुई थी। गांव की आवश्यकता को देखते हुए रोजगार गारंटी योजना के तहत नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण की पहल की गई। भवन के लिए गांव की बस्ती के बीच ऐसी जगह का चयन किया गया, जहां बच्चों को केंद्र तक आने-जाने में आसानी हो। चयनित स्थल पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण से पहले उसे हटाना चुनौती थी। ग्राम पंचायत द्वारा स्थानीय स्तर पर आवश्यक समन्वय एवं प्रयास कर समस्या का समाधान किया गया और भवन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल उपलब्ध कराया गया।

About The Author