पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु संस्था प्रमुखों को समय-सीमा में प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश

दुर्ग, 11 अगस्त 2026/sns/- वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) हेतु पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही विभागीय वेबसाइट https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ पर ऑनलाइन की जा रही है। आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, रायपुर के निर्देशों के परिपालन जिले में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक आदि शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिया जाना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोर्टल के अवलोकन में यह पाया गया है कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष छात्रवृत्ति प्रगति की कार्यवाही अत्यंत धीमी है। इस संबंध में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास द्वारा जिले के सभी प्राचार्य एवं संस्था प्रमुखों को स्वयं रुचि लेते हुए अध्ययनरत विद्यार्थियों को तत्काल आवेदन करने हेतु निर्देशित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही छात्रवृत्ति प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर संस्था स्तर की समस्त कार्यवाही— जैसे आवेदन रिसिविंग, प्रपोजल लॉक एवं सेंक्शन लॉक— निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने को कहा गया है, ताकि सभी पात्र विद्यार्थियों को उच्च कार्यालय द्वारा उचित समय पर छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान किया जा सके।

About The Author