जनदर्शन में नाली, सड़क, बिजली, सीमांकन सहित विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे नागरिक
मुंगेली, 11 अगस्त 2026/sns/- जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके निराकरण के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को जनदर्शन का आयोजन किया जाता है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक की समस्या का नियमानुसार, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण हो तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक सुगमता से पहुंचे। इसी कड़ी में आज आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आवेदकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया। जनदर्शन में ग्राम सिंघनपुरी के ग्रामीणों ने नाली निर्माण, ग्राम बिरगांव के ग्रामीणों ने भर्राकुंडा पहुंच मार्ग निर्माण, ग्राम बघमार के जितेंद्र कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण तथा ग्राम भालापुर के भगत ने भूमि सीमांकन की मांग रखी।
इसी प्रकार ग्राम रामगढ़ के गणेश सोनकर ने हाई वोल्टेज ट्रांसफार्मर स्थापित करने, ग्राम खपरी के भुवनेश्वर राजपूत ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, ग्राम झोंका के चंद्रशेखर बर्मन ने अपनी भांजी मानसी बांधे के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र में पिता के नाम में संशोधन तथा ग्राम फरहदा के दिव्यांग रोहित कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम गोइन्द्री की उर्मिलाबाई साहू ने पैतृक भूमि का बटांकन कराने तथा मुंगेली के संतोष पाठक ने खाता अद्यतन कराने की मांग रखी। इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।