जिले में गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस

मुंगेली, 13 अगस्त 2026/sns/- जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने आज स्टेडियम पहुंचकर मुख्य समारोह के अंतिम रिहर्सल का निरीक्षण किया और कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंतिम अभ्यास के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ध्वजारोहण कर सलामी दी। इस दौरान जिला स्तरीय मुख्य समारोह के पूरे मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का अभ्यास किया गया, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह में सभी कार्यक्रम निर्धारित समय एवं गरिमा के अनुरूप संपन्न हों।
रिहर्सल के दौरान देश की स्वतंत्रता, अखंडता, समता, न्याय एवं गणतंत्र की स्थिरता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली गई। इस अवसर पर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बलिदान को नमन किया गया। इस दौरान ‘तिरंगा कैनवास’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें कलेक्टर, एसएसपी सहित अधिकारियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए कैनवास पर अपने हस्ताक्षर अंकित कर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को अभिव्यक्त किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करते हुए सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने समारोह में शामिल होने वाले नागरिकों एवं विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पटेल ने समारोह के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विधायक श्री मोहले जिला स्तरीय समारोह में करेंगे ध्वजारोहण

जिला स्तरीय समारोह में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में प्रातः 09 बजे स्टेडियम पहुंचकर ध्वजारोहण करेंगे। तत्पश्चात् मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेंगे। विधायक श्री मोहले देश की सुरक्षा में अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले शहीदों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित करेंगे। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति, संस्कृति से परिपूर्ण सांस्कृतिक गीतों पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन में मुख्य अतिथि द्वारा जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र का वितरण किया जाएगा।

About The Author