आदि कर्मयोगी अभियान से सुदूर अंचलों तक पहुंच रही सरकार

सुकमा, 13 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त श्री हेमंत सिन्हा के मार्गदर्शन में ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के तहत सुकमा जिले के सभी 277 आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त तक तीन दिवसीय जनसुनवाई एवं संतृप्ति शिविरों का शुभारंभ हुआ। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं से सीधे जोड़ना है। शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
शिविरों में आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और आधार कार्ड बनाने सहित विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। गुरुवार को शाम 4 बजे तक लगभग 2600 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके थे और कार्ड बनाने के महाअभियान जारी था। विभागीय योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनके आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच रहा है।
अभियान को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए उच्चाधिकारी विभिन्न आदि सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। जनसुनवाई, विभागीय सहभागिता और शिविरों की व्यवस्थाओं की गुणवत्ता की समीक्षा के साथ जनपद एवं जिला स्तर पर दैनिक गतिविधियों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग भी की जा रही है। वहीं, ‘आदि सेवा स्वयंसेवक’ घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को शिविरों की जानकारी देने और पात्र हितग्राहियों को संबंधित स्टॉल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
15 अगस्त को दिखेगा देशभक्ति का रंग, जब जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनसुनवाई, सेवा-संतृप्ति और सामुदायिक भागीदारी के इस समन्वित अभियान से सुकमा के दूरस्थ जनजातीय अंचलों में शासन की योजनाओं की पहुंच और मजबूत हो रही है। ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ न केवल ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बन रहा है, बल्कि सरकार और अंतिम छोर के नागरिक के बीच सीधा सेतु भी स्थापित कर रहा है।

About The Author