सेवा सेतु से मिली त्वरित आय प्रमाण पत्र की सुविधा

सुकमा, 19 अगस्त 2026/sns/- सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को मिल रही त्वरित एवं सहज प्रशासनिक सेवाओं का लाभ अब विद्यार्थियों को भी समय पर मिल रहा है। ग्राम रामपुरम निवासी एवं पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल, सुकमा के कक्षा 10वीं के छात्र पोडियामी आकाश, पिता पोडियामी जोगा ने छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक आय प्रमाण पत्र हेतु 13 अगस्त को तहसील कार्यालय सुकमा में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। खास बात यह रही कि आवेदन के महज एक दिवस के भीतर उन्हें आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।
   आय प्रमाण पत्र समय पर प्राप्त होने से आकाश ने बिना किसी विलंब के इसे अपने विद्यालय में जमा कर दिया और उनकी छात्रवृत्ति का ऑनलाइन आवेदन भी निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूरा हो गया। त्वरित सेवा मिलने से विद्यार्थी को न केवल कार्यालय के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिली, बल्कि उसकी छात्रवृत्ति प्रक्रिया भी समय पर पूरी हो सकी। आकाश ने सेवा सेतु पोर्टल को विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए उपयोगी एवं सुविधाजनक बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
   पोडियामी आकाश ने नागरिकों को ऐसी सुविधाजनक और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन सुकमा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु जैसे डिजिटल माध्यमों से सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और शीघ्र उपलब्ध हो रही हैं, जिससे विशेष रूप से विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिल रही है। प्रशासन की इस पहल से नागरिकों में डिजिटल सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ रहा है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।

About The Author