नव आधार सेवा केंद्र कुन्दनपाल का शुभारंभ
सुकमा, 19 अगस्त 2026/sns/- छिंदगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुंदनपाल में नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। केंद्र में नया आधार कार्ड बनवाने के साथ नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर में संशोधन तथा फिंगरप्रिंट और आईरिस जैसे बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। गांव में ही आधार सेवाएं मिलने से ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
आधार कार्ड आज विभिन्न शासकीय योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार है। राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न डीबीटी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आधार की जानकारी अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने नए आधार केंद्र की पहल का स्वागत करते हुए ग्रामीणों से अपील की है कि वे समय पर अपने तथा अपने बच्चों के आधार कार्ड बनवाएं और आवश्यकतानुसार जानकारी अपडेट कराएं। कुंदनपाल में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल एवं नागरिक सुविधाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।