50 हजार रुपये के बैंक लिंकेज ऋण से शुरू किया होटल संचालन

बीजापुर, 27 अगस्त 2026/sns/- जनपद पंचायत भैरमगढ़ अंतर्गत ग्राम पातरपारा की सुमन स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सामूहिक प्रयास और मेहनत से होटल संचालन को अपनी आजीविका का मजबूत साधन बनाया है। समूह से जुड़कर महिलाओं ने आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सुमन स्व-सहायता समूह से महिलाएं 5 नवंबर 2018 को जुड़ीं। यह समूह रोशनी संकुल संगठन, भैरमगढ़, जिला बीजापुर से संबद्ध है। समूह की महिलाओं द्वारा वर्ष 2025-26 से हाट-बाजार में होटल का संचालन किया जा रहा है। समूह से जुड़ने से पहले महिलाओं के परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। वर्ष 2018 में एनआरएलएम के माध्यम से समूह में शामिल होने के बाद महिलाओं ने बचत और सामूहिक गतिविधियों के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने का प्रयास शुरू किया।

समूह ने बैंक लिंकेज के माध्यम से 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग होटल संचालन एवं स्कूलों में मध्यान्ह भोजन वितरण के कार्य में किया गया। समूह द्वारा बैंक लिंकेज की राशि ब्याज सहित वापस कर दी गई है, जिससे समूह की आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

होटल संचालन से 2 लाख रुपये की वार्षिक आय

समूह द्वारा संचालित होटल से वर्तमान में लगभग 2 लाख रुपये वार्षिक आय प्राप्त हो रही है। महिलाओं ने सामूहिक रूप से जिम्मेदारियां संभालते हुए होटल संचालन को सफल बनाया है। इस गतिविधि से उन्हें नियमित आय का साधन मिला है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। सुमन स्व-सहायता समूह की यह सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। समूह की महिलाओं ने सामूहिक प्रयास, बैंक ऋण और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका को मजबूत करते हुए आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया है।

About The Author