जिले के युवाओं को मिलेगा रोजगार के नए अवसर
कवर्धा, 27 अगस्त 2026/sns/- जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सिविल एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख सुरक्षा कंपनी एसआईएस लिमिटेड के संयुक्त संयोजन से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस भर्ती अभियान के माध्यम से सुरक्षा के क्षेत्र में रोजगार के इच्छुक युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा।
भर्ती के लिए 10वीं, 12वीं या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले, न्यूनतम 168 सेंटीमीटर ऊंचाई तथा 19 से 40 वर्ष की आयु वाले युवा पात्र होंगे। भर्ती शिविर का आयोजन 27 अगस्त 2026 को थाना परिसर पिपरिया, 28 अगस्त को रेंगाखार थाना परिसर, 29 अगस्त को चिल्फी थाना परिसर, 30 अगस्त को कुकदूर थाना परिसर, 31 अगस्त को तरेगांव थाना परिसर, 01 सितंबर को बोड़ला थाना परिसर, 03 सितंबर को भोरमदेव थाना परिसर, 04 सितंबर को पुलिस लाइन कवर्धा तथा 05 सितंबर 2026 को सहसपुर लोहारा थाना परिसर में किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्रों की प्रतियों के साथ अपने नजदीकी निर्धारित पुलिस थाना परिसर में पहुंचकर भर्ती शिविर में आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, चयन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक जानकारी भर्ती शिविर में उपस्थित भर्ती अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं से इस रोजगार अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। पुलिस प्रशासन की इस पहल से जिले के युवाओं को सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के नए अवसर मिलेंगे तथा वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।