त्यौहार की खुशियों का माध्यम बन रही है महतारी वंदन योजना

बलौदाबाजार, 27 अगस्त 2026/sns/- राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में खुशियों का नया सवेरा ला रही है। त्यौहारों के इस पावन अवसर पर यह योजना महिलाओं के लिए खुशियों का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
पावन पर्व रक्षाबंधन से ठीक पहले योजना की 31वीं किश्त की राशि खातों में अंतरित होने से प्रदेश भर की माताओं और बहनों के चेहरे खिल उठे हैं। बैंक खातों में राशि पहुंचते ही त्यौहार की तैयारियाँ और अधिक उत्साह के साथ शुरू हो गई हैं। जिले के ग्राम पंचायत धनगांव निवासी मधु बघेल के लिए इस बार का रक्षाबंधन कुछ खास है। महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त रक्षाबंधन से पहले मिलने से उनके चेहरे पर खुशी है। योजना की 31वीं किश्त प्राप्त होने पर लाभार्थी मधु ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी भावनाएँ साझा कीं। उन्होंने कहा रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व से ठीक पहले खाते में राशि आ जाने से त्यौहार का आनंद दोगुना हो गया है। अब हम बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने भाइयों के लिए रक्षासूत्र और त्यौहार की सामग्रियाँ खरीद पा रहे हैं। महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए उठाये गए इस कदम के लिए हम मुख्यमंत्री जी का सहृदय धन्यवाद करते हैं।
आत्मनिर्भरता की ओर सशक्त कदम
महतारी वंदन योजना न केवल महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और निर्णय लेने की स्वतंत्रता भी दे रही है। त्यौहारों के समय समय पर मिली यह राशि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं के लिए एक संबल साबित हो रही है।

About The Author